मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में दशहरा महोत्सव व रावण दहन में किया प्रतिभाग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून, 02 अक्टूबर।
विजयदशमी के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित दशहरा महोत्सव व रावण दहन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएँ दीं और भगवान श्रीराम से सभी के लिए स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर का अमूल्य हिस्सा है बल्कि यह धर्म, सत्य और मर्यादा के महत्व का बोध भी कराता है। रावण के पास अपार बल और सोने की लंका थी, लेकिन अहंकार और अधर्म के कारण उसका अंत हुआ। यह पर्व हमें सिखाता है कि चाहे अधर्म और अन्याय कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसकी हार निश्चित है।

उन्होंने कहा कि आज हमें केवल पुतला दहन नहीं करना है, बल्कि अपने अंदर की बुराइयों का त्याग कर सत्य, धर्म और मानवता की राह पर चलने का संकल्प भी लेना है। भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन से हमें सीख मिलती है कि विपरीत परिस्थितियों में भी सिद्धांतों और वचनों का पालन करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी पर्व हर वर्ष यह याद दिलाता है कि समाज में आज भी कई “रावणों” का संहार करना बाकी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी के क्षेत्र में लिए गए हालिया निर्णय से व्यापारियों और उपभोक्ताओं को बड़ा लाभ मिला है। दीपावली से पहले यह निर्णय प्रदेशवासियों के लिए एक सुखद तोहफा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने केदारनाथ धाम से कहा था कि इस सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। इसे साकार करने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की है। यदि हर नागरिक अपने क्षेत्र में योगदान देगा तो शिक्षा, पर्यटन, उद्योग, कृषि व स्वरोजगार के क्षेत्र में प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य जल्द ही पूरा होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश नई ऊँचाइयों को छू रहा है और उत्तराखंड भी आत्मनिर्भर भारत के संकल्प में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि सभी प्रदेशवासी एकजुट होकर प्रधानमंत्री के सपनों और संकल्प को साकार करने में योगदान दें, ताकि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड पूरे देश और विश्व के लिए एक आदर्श राज्य बन सके।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजानदास, श्रीमती सविता कपूर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें