शिक्षक दिवस पर लोहाघाट के नरेश चंद्र जोशी शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार से सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 5 सितंबर।शिक्षक दिवस के अवसर पर राजभवन देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पासम (लोहाघाट) के प्रभारी प्रधानाध्यापक नरेश चंद्र जोशी को शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत तथा विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में यह सम्मान प्रदान किया गया।

नरेश चंद्र जोशी वर्ष 2009 में शिक्षक के रूप में सेवा में आए और 2017 से भारत-नेपाल सीमा से लगे पासम विद्यालय में कार्यरत हैं। उनके प्रयासों से विद्यालय की छात्र संख्या 23 से बढ़कर 2025–26 में 52 हो गई है। इस वर्ष ही 20 नए प्रवेश कराकर उन्होंने पर्वतीय क्षेत्र में नामांकन वृद्धि का रिकॉर्ड बनाया। उनका लक्ष्य 2026–27 तक विद्यालय से 100 से अधिक बच्चों को जोड़ना है।

जोशी ने बालिका शिक्षा, आईसीटी, स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही ग्रामीणों व एसएसबी के सहयोग से विद्यालय में खेल मैदान, पेयजल लाइन, बालिका शौचालय, प्रोजेक्टर और पुस्तकालय जैसी सुविधाएँ विकसित की हैं। बच्चों का जन्मदिन मनाना, कमजोर छात्रों के लिए विशेष कक्षाएँ और जिला विज्ञान समन्वयक के रूप में विज्ञान महोत्सव व इंसपायर अवार्ड जैसी वैज्ञानिक गतिविधियों का संचालन उनकी विशेष पहलें हैं।

साक्षर भारत कार्यक्रम, शिक्षक प्रशिक्षण और विभागीय तकनीकी कार्यों में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। दूरस्थ क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने और निरंतर नामांकन वृद्धि के लिए उन्हें यह राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ।

पुरस्कार मिलने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी नीतू डांगर, सीडीओ आर.एस. खाती, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, जिला शिक्षा अधिकारी पी.एस. जनपांगी, खंड शिक्षा अधिकारी भारत जोशी, शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष गोविंद बोहरा सहित कई जनप्रतिनिधियों व शिक्षकों ने नरेश चंद्र जोशी को शुभकामनाएँ दीं।

Leave a Comment

और पढ़ें