मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश की संभावना जताई
प्रदेश के जनपदों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
संवाददाता
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम फिर से करवट बदलेगा। मौसम विभाग ने जनपद उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, टिहरी, चमोली, बागेश्वर व पिथौरागढ़, पौड़ी, अल्मोड़ा, हरिद्वार में बारिश की संभावना जताई है साथ ही उधम सिंह नगर में कोहरा छाने की संभावना जताई है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी व हरिद्वार जिले में गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। विभाग द्वारा इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। देहरादून में आसमान में बादल छाए रहेंगे। तापमान की बात करें तो देहरादून में अधिकतम और न्यूनतम तापमान 20°ब् व 10°ब् के करीब रहने की संभावना है।
हल्द्वानी समेत तराई के क्षेत्रों में कोहरा छाया हुआ है। मौसम के बदलने से तापमान में गिरावट का असर जनजीवन पर भी देखा जा रहा है। कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। शाम से लेकर सुबह तक घना कोहरा है। मौसम विभाग के अनुसार ठंड का असर अगले तीन से चार दिनों तक रहेगा। हल्द्वानी और आसपास का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
कोहरे के चलते विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। शाम और सुबह के वक्त कोहरे का प्रकोप देखने को मिल रहा है। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। कोहरे की वजह से हल्द्वानी-दिल्ली और बरेली मार्ग पर वाहनों की रफ्रतार धीमी हो गई है। जिससे आने जाने के दौरान लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ठंड बढ़ने से लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। जबकि दिन में हल्की धूप से राहत भी मिल रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश का मौसम एक बार फिर बदलने की संभावना है। निचले क्षेत्रों में घने बादल, कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने और तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। कहा गया है कि बारिश और बर्फबारी से प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।








