देहरादून I अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, उत्तराखंड द्वारा हिंदुस्तान में पहली बार आराध्य भगवान श्री चित्रगुप्त जी की कथा का आयोजन किया जा रहा है। न्याय के देवता भगवान चित्रगुप्त जी की यह कथा देवनगरी ऋषिकेश में गंगा तट पर स्थित परमार्थ निकेतन में आयोजित होगी।

यह जानकारी आज यहां उत्तरांचल प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए महासभा के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने दी I उन्होंने बताया कि कथा 15 सितंबर को सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगी। कथा से पूर्व पूरे देश से आ रहे अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के पदाधिकारियों की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोधकांत सहाय की अध्यक्षता में आहूत की गई है, जिसे कबीर चौरा आश्रम में 14 सितंबर को किया जाएगा। कथा में तैंतीस कोटि देवताओं के समूह में भगवान चित्रगुप्त जी की महिमा का व्याख्यान धर्मगुरु और विद्वतजनों द्वारा किया जायेगा। देवभूमि ऋषिकेश में होने जा रहे इस आयोजन में भगवान श्री चित्रगुप्त कथा में देश ही नहीं विदेशों से भी लोग प्रतिभागी करने आ रहे हैं I इस आयोजन में परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती जी, काशी से हरिश्चंद्र घाट के अवधूत उग्रचंदेश्वर कपाली बाबा जी, श्री चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद पशुपति जी, कबीर चौरा आश्रम के पीठाधीश्वर कपिल मुनि महाराज, श्री नरसिंह कृपाधाम के अध्यक्ष आचार्य शशिकांत जी मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे I पत्रकार वार्ता मे महासभा के अन्य पदाधिकारी सर्वेश माथुर, रवि सरन, विवेक मोहन श्रीवास्तव, सुशील सक्सेना भी उपस्थित थे I