
हरिद्वार 27 अक्टूबर। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने लालजीवाला पार्किंग में बसों के खिलाफ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में बसों की तकनीकी स्थिति, फिटनेस, आवश्यक अभिलेख और परमिट शर्तों की जांच की जा रही है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान अब तक 20 बसों के चालान किए गए हैं, जबकि तीन बसों को सीज किया गया है। इसके अलावा 10 बसों की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति की गई है। फिटनेस निरस्तीकरण को लेकर आगे की कार्रवाई सक्षम प्राधिकारी स्तर से नियमानुसार की जाएगी।
संयुक्त टीम में एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा, यातायात निरीक्षक संदीप नेगी, संभागीय निरीक्षक प्राविधिक आनंद वर्धन और परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती शामिल हैं। टीम द्वारा बसों का तकनीकी परीक्षण कर यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित करने वाली कमियों की भी जांच की जा रही है।
परिवहन विभाग ने बस संचालकों को स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वाहनों की तकनीकी स्थिति दुरुस्त रखने के साथ आवश्यक दस्तावेज और परमिट शर्तों का पालन अनिवार्य है। लालजीवाला पार्किंग में जांच अभियान जारी है और आगे कार्रवाई का आंकड़ा बढ़ सकता है।









