
देहरादून 20 अक्टूबर । खुद को न्यूज प्लेटफार्म का संचालक बताकर एक व्यक्ति को झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में पटेलनगर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने धमकी से डरे पीड़ित से 50 हजार रुपये भी अपने बताए खाते में जमा करा लिए थे। आरोपी थाना पटेलनगर का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है।
पुलिस के अनुसार 19 अक्टूबर को आजाद कॉलोनी माजरा निवासी एक प्रॉपर्टी कारोबारी ने पटेलनगर थाने में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि चांचक क्षेत्र की एक संपत्ति को लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद चल रहा है। इसी बीच उसे एक नंबर से कई बार व्हाट्सऐप कॉल आईं। कॉल रिसीव करने पर सामने वाले ने खुद को न्यूज प्लेटफार्म का संचालक बताते हुए उसकी संपत्ति से संबंधित खबरें अपने चैनल पर चलाने और उसे बर्बाद करने की धमकी दी। खबर नहीं चलाने के एवज में पांच लाख रुपये की मांग की गई।
पुलिस के अनुसार धमकी से डरकर पीड़ित ने आरोपी द्वारा बताए गए अनुज अग्रवाल के नाम के एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा कर दिए। इसके बाद आरोपी ने पूरी रकम नहीं देने पर गाली-गलौज करते हुए फिर धमकी दी। शिकायत के साथ पीड़ित ने व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट और रकम जमा करने का प्रमाण भी पुलिस को उपलब्ध कराया।
शिकायत के आधार पर पटेलनगर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। जांच में आरोपी की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में हुई। पुलिस ने 19 अक्टूबर की रात उसे आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार डायरी में मोबाइल फोन छिपाने के लिए एक गुप्त कक्ष बनाया गया था। आरोप है कि आरोपी इस माध्यम से लोगों के गोपनीय वीडियो बनाता था। उसके मोबाइल फोन से कई व्यक्तियों के गोपनीय रूप से बनाए गए वीडियो मिलने की बात पुलिस ने कही है। इन वीडियो और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
कई आपराधिक मुकदमे दर्ज
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अनुज अग्रवाल (46) मूल रूप से बिजनौर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में रह रहा था। उसके विरुद्ध पटेलनगर कोतवाली में वर्ष 2010 से 2017 के बीच धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी, अमानत में खयानत सहित विभिन्न धाराओं में नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के मामले भी शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश में चार, पंजाब में एक, ओडिशा में एक और गुजरात में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। संबंधित राज्यों से इन मामलों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।









