वंदे मातरम कैंप का सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और युवा सहभागिता के साथ समापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 6 अक्टूबर । मेरा युवा भारत, उत्तराखंड की ओर से देहरादून में आयोजित वंदे मातरम कैंप 2026-27 का मंगलवार को विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, व्यक्तित्व विकास सत्र और प्रतिभागियों के सम्मान के साथ समापन हुआ। कैंप में केरल, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और राजस्थान से आए युवाओं ने अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन ध्यान सत्र से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री की मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने प्रभावी संवाद और व्यक्तित्व विकास विषय पर युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रभावी संवाद और निखरा व्यक्तित्व युवाओं की पहचान तथा सफलता की नींव है।

कैंप में विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों ने सामूहिक और एकल सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। केरल की पारंपरिक कलरिपयट्टू और राजस्थान की रागिनी समेत विभिन्न प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से युवाओं को देश की विविध परंपराओं को समझने और एक-दूसरे की संस्कृति के प्रति सम्मान विकसित करने का अवसर मिला।

समापन अवसर पर सफलतापूर्वक सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस दौरान मेरा युवा भारत उत्तराखंड के राज्य निदेशक राहुल डबराल और उप निदेशक अविनाश सिंह उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने आयोजक टीम और विभिन्न राज्यों से आए साथियों के साथ समूह छायाचित्र भी खिंचवाए।

कैंप के दौरान युवाओं को राष्ट्रभक्ति, स्वयंसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों से जोड़ा गया। आयोजकों के अनुसार, कैंप ने विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सीखने का अवसर उपलब्ध कराया।

Leave a Comment

और पढ़ें