उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी के आसार, सात जिलों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट

देहरादून 5 अक्टूबर। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 6 से 11 अक्टूबर तक प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, 6 से 8 अक्टूबर के बीच 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हो सकती है। वहीं 9 से 11 अक्टूबर के दौरान करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी के आसार हैं।

सात जिलों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में तेज हवाओं के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा 6 और 7 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम में बदलाव को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें