प्रेमनगर में विस्थापितों की रजिस्ट्री की समस्या के समाधान का रास्ता निकलेगा : अभिनव थापर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 5 अक्टूबर। कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रेमनगर विंग-3 में ‘जन की बात, अभिनव थापर के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। बारात घर में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की गई। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों और मातृशक्ति को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि ‘जन की बात’ का उद्देश्य जनता के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए ठोस रोडमैप तैयार करना है। उन्होंने कहा कि प्रेमनगर में विस्थापितों की रजिस्ट्री का मुद्दा लंबे समय से लंबित है। कांग्रेस सरकार के समय 17 रजिस्ट्रियां कराकर इस दिशा में काम शुरू किया गया था, लेकिन पिछले एक दशक से यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी।

थापर ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से विस्थापितों की रजिस्ट्री की समस्या को विस्तार से समझा जाएगा और उसके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी। इसके साथ ही सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं, शिक्षा, नालों की सफाई, पेयजल और जलभराव जैसी समस्याओं को भी प्राथमिकता से चिन्हित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनता से मिले सुझावों और क्षेत्र में सामने आई समस्याओं के आधार पर समाधान का ठोस रोडमैप तैयार किया जाएगा, ताकि समस्याओं के निराकरण के लिए व्यवस्थित और चरणबद्ध तरीके से प्रयास किए जा सकें। उन्होंने कहा कि कैंट विधानसभा में लंबे समय से भाजपा का राजनीतिक प्रतिनिधित्व होने के बावजूद कई मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं। ऐसे में केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय जनता के साथ सीधा संवाद कर समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम का संचालन प्रेमनगर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष कैलाश वाल्मीकि ने किया। इस दौरान पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, वाल्मीकि सेवा समिति अध्यक्ष आशीष देसाई, मांगेराम, अनूप शर्मा, ललिता शर्मा, चंद्रमोहन शर्मा, भुवनेश तलवार और सुरेंद्र लांबा सहित क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और युवा मौजूद रहे। लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और सुझावों को सामने रखा।

Leave a Comment

और पढ़ें