बच्चों का स्वस्थ बचपन ही प्रदेश के मजबूत भविष्य की नींव : रेखा आर्या

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ओणी गांव में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम, मंत्री ने किशोरियों, माताओं और बच्चों से किया संवाद

नरेन्द्रनगर 1 अक्टूबर ।नरेन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र के ओणी गांव स्थित स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र में बुधवार को ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर किशोरियों, माताओं और नन्हे-मुन्ने बच्चों से संवाद किया तथा उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के केंद्र नहीं हैं, बल्कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और परिवारों के समग्र विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार का प्रयास है कि आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ बचपन ही प्रदेश के मजबूत भविष्य की नींव है। बच्चों को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ किशोरियों और माताओं को भी सरकारी योजनाओं से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ भोजन भी किया। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़े लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्री आरती देवी और सहायिका पूनम को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में महालक्ष्मी किट से सुषमा, गंगा, रेशमा और मनीषा लाभान्वित हुईं। गर्भवती महिलाओं काजल, प्रिया और पुष्पा को भी लाभ दिया गया। किशोरी बालिका योजना के तहत काजल, निधि, श्वेता, वैष्णवी और शिया को लाभान्वित किया गया।

मंत्री ने ओणी गांव के स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए केंद्र की कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह केंद्र पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य और बच्चों के सुरक्षित वातावरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का बेहतर उदाहरण है। इस दौरान ग्रामीणों और लाभार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौतम, सीडीपीओ संगीता परिहार, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल, एसडीएम आशीष घिल्डियाल, ग्राम प्रधान दीपक, सुपरवाइजर किरण राणा, सीमा देवी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मातृशक्ति, किशोरियां और बच्चे उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें