सेवा संकल्प अभियान में मंत्री गणेश जोशी ने विद्यार्थियों को सेवा और कृषि से जुड़ने का किया आह्वान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजकीय इंटर कॉलेज किशनपुर में खेल सामग्री और टिन शेड निर्माण की घोषणा

देहरादून, 26 सितंबर। राजकीय इंटर कॉलेज किशनपुर में शनिवार को आयोजित सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम में कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा केवल शब्द नहीं, बल्कि समाज के प्रति संकल्प, जिम्मेदारी और समर्पण का भाव है।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों के जीवन में सुधार, किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसानों को सालाना छह हजार रुपये की सहायता के साथ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना जैसी योजनाओं का लाभ किसानों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ा प्रदेश है। सरकार का प्रयास है कि किसान केवल उत्पादन तक सीमित न रहें, बल्कि प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बाजार से भी जुड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों में फल, सब्जी, मसाले तथा औषधीय और सुगंधित पौधों की संभावनाओं को रोजगार और आय के अवसरों में बदलना प्राथमिकता है।

मंत्री जोशी ने विद्यार्थियों से कृषि को विज्ञान, तकनीक और उद्यमिता के क्षेत्र के रूप में देखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि में डिजिटल तकनीक, ड्रोन, मृदा परीक्षण और वैज्ञानिक खेती का महत्व लगातार बढ़ रहा है। किसान और विद्यार्थी दोनों देश की प्रगति के आधार हैं।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, जनधन योजना और विश्वकर्मा योजना जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इन योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना भी सेवा का ही एक रूप है।

सैनिक कल्याण पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है और प्रदेश के हजारों परिवार सेना से जुड़े हैं। सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का कल्याण सरकार की विशेष जिम्मेदारी है। इस अवसर पर उन्होंने सभी सैनिकों और वीर नारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के निर्माता हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विद्यालय में खेल सामग्री उपलब्ध कराने और टिन शेड निर्माण की घोषणा भी की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य धूम सिंह नेगी, विशाल पंचोली, विमल नौटियाल, बृजेश नेगी, चंद्रकला थपलियाल, अर्चना उपाध्याय, प्रियंका डोभाल, ममता नौटियाल, नेहा रावत, महानगर मंत्री समीर डोभाल, मंडल उपाध्यक्ष संजय नौटियाल सहित अभिभावक, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें