
उत्तरकाशी, 26 सितंबर। जनपद भ्रमण के दूसरे दिन मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन ने गंगोत्री धाम पहुंचकर मां गंगा और भगवान काशी विश्वनाथ की पूजा-अर्चना की। उन्होंने शक्ति मंदिर में भी दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्य सचिव ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर धाम में चल रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने को कहा। घाटों पर नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर और घाटों के आसपास स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और स्नान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
इस दौरान मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।







