
बेंगलुरु की नैन्सी बनीं विजेता, ललितपुर की स्वाती जैन फर्स्ट रनरअप और टीकमगढ़ की प्रतिभा मिश्रा रहीं द्वितीय रनरअप
झांसी 7 सितंबर। बुंदेलखंड के लोकप्रिय डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म बुंदेलखंड 24×7 की ओर से आयोजित पाक-कला प्रतियोगिता ‘बुंदेली शेफ सीजन-4’ का ग्रैंड फिनाले रविवार को झांसी में संपन्न हुआ। कड़े मुकाबले के बाद बेंगलुरु की नैन्सी शिवहरे ने खिताब अपने नाम किया। ललितपुर की स्वाती जैन फर्स्ट रनरअप और टीकमगढ़ की प्रतिभा मिश्रा द्वितीय रनरअप रहीं।
बुंदेलखंड की पारंपरिक पाक-कला, स्थानीय स्वाद और महिला प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में पांच प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। भोपाल की हेमा गुप्ता और इंदौर की सुरुचि जैन ने भी फाइनल मुकाबले में अपनी पाक-कला का प्रदर्शन किया।
प्रतिभागियों के व्यंजनों का मूल्यांकन अपना दल (एस) महिला मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपमाला कुशवाहा और प्रसिद्ध शेफ संजय शर्मा ने किया। इस दौरान काजल कुशवाहा भी मौजूद रहीं।
बुंदेलखंड 24×7 के फाउंडर डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि बुंदेली शेफ का उद्देश्य केवल पाक-कला प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि बुंदेलखंड के पारंपरिक स्वाद और प्रतिभाओं को व्यापक पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि मंच से जुड़े प्रतिभागियों को अपने हुनर को आगे बढ़ाने और नए अवसरों से जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है।
दीपमाला कुशवाहा ने फाइनलिस्ट प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बुंदेली शेफ की प्रतिभागी महिला सशक्तीकरण की प्रेरणादायक मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने घर और किचन की सीमाओं से आगे बढ़कर बुंदेलखंड के पारंपरिक स्वाद, संस्कृति और पहचान को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया है।
सेमीफाइनलिस्ट और फाइनलिस्ट को मिलेगा उद्यमिता का अवसर
बुंदेलखंड 24×7 ने प्रतिभागियों को आगे बढ़ाने के लिए एक नई पहल की भी घोषणा की। इसके तहत बुंदेली शेफ के सीजन-1 से सीजन-4 तक के सभी सेमीफाइनलिस्ट और फाइनलिस्ट को अपने पाक-कौशल को व्यवसाय में बदलने का अवसर देने का प्रयास किया जाएगा।
क्लाउड किचन, होम-बेस्ड फूड बिजनेस या कुकिंग से जुड़े स्टार्टअप शुरू करने की इच्छुक प्रतिभागी अपना बिजनेस आइडिया और पिच नोट बुंदेलखंड 24×7 के साथ साझा कर सकेंगी। प्रस्तावों के मूल्यांकन के बाद चयनित प्रतिभागियों को चैनल की ‘प्रगति’ पहल के माध्यम से उद्यम शुरू करने के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य महिलाओं के पाक-कौशल को केवल प्रतियोगिता और प्रदर्शन तक सीमित न रखते हुए उसे रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ना है। इससे प्रतिभागियों को अपने हुनर को स्थायी व्यवसाय में बदलने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
गौरतलब है कि ‘बुंदेली शेफ’ के माध्यम से बुंदेलखंड के पारंपरिक व्यंजनों, स्थानीय स्वाद और पाक-कला से जुड़ी प्रतिभाओं को लगातार मंच प्रदान किया जा रहा है। सीजन-4 में ऑडिशन और विभिन्न चरणों के बाद पांच प्रतिभागियों ने ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई।
आयोजन में शुद्ध मसाला ने मसाला पार्टनर, ट्रॉफी हाउस ने ट्रॉफी पार्टनर और पीआर 24×7 ने पीआर पार्टनर के रूप में सहयोग किया। रुद्राणी कलाग्राम ने भी कार्यक्रम के आयोजन और सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।








