बिना स्वीकृत मानचित्र निर्माण पर एमडीडीए की कार्रवाई, मसूरी में दो प्लेटफार्म सील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 25 अगस्त। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मसूरी क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमति के बनाए जा रहे दो प्लेटफार्म को सील कर दिया। प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार को मौके पर निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य नियमों के विपरीत पाए जाने पर यह कार्रवाई की।

प्राधिकरण के अनुसार, मसूरी-देहरादून मोटर मार्ग पर हनुमान मंदिर से आगे मसूरी क्षेत्र में भूस्वामी हेमंत कुमार की ओर से बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कराया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान लोहे के चैनलों की मदद से दो प्लेटफार्म बनाए जाने का कार्य पाया गया। इस संबंध में भूस्वामी को नियमानुसार कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया था, लेकिन प्रस्तुत प्रतिउत्तर संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद एमडीडीए ने दोनों प्लेटफार्म को सील कर दिया।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। सुनियोजित विकास और निर्धारित भवन मानकों का पालन सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण की टीमें क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों की लगातार निगरानी कर रही हैं। बिना स्वीकृत मानचित्र अथवा आवश्यक अनुमति के किए जा रहे निर्माण को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि निर्माण शुरू करने से पहले संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति और स्वीकृत मानचित्र प्राप्त कर लें।

Leave a Comment

और पढ़ें