त्योहारों में स्थानीय उत्पादों की खरीद को दें प्राथमिकता: मुख्यमंत्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 25 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों में स्थानीय उत्पादों की खरीद को प्राथमिकता देने की अपील की है। मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना उत्सव’ के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तैयार किए जा रहे उत्पाद प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और हुनर की पहचान हैं। इन उत्पादों की खरीद से महिलाओं की आजीविका को मजबूती मिलने के साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि त्योहार स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर हैं। प्रदेशवासी त्योहारों पर उपहार और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीद में स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक प्राथमिकता दें। स्थानीय स्तर पर तैयार हर उत्पाद की खरीद किसी परिवार की आय बढ़ाने, किसी महिला के स्वरोजगार को मजबूत करने और राज्य की स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने में योगदान करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान ने देश में स्थानीय उत्पादों के प्रति नया विश्वास पैदा किया है। राज्य सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से इस त्योहारी सीजन में स्थानीय उत्पाद खरीदने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाकर ही आत्मनिर्भर उत्तराखंड और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती दी जा सकती है।

Leave a Comment

और पढ़ें