मुख्यमंत्री ने मुख्य सेवक सदन में सुनीं जनसमस्याएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 24 अगस्त ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों, जनसमस्याओं और विभिन्न सुझावों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े, इसके लिए शासन और प्रशासन के सभी स्तरों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
मुख्यमंत्री ने दिव्यांग कुलदीप की समस्या का भी संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आर्थिक सहायता के साथ ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान राज्य कर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन, प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी उत्तराखंड, आबकारी उपनिरीक्षक संघ, श्री कल्प केदार मंदिर समिति, देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति तथा हरिद्वार के विभिन्न शिष्टमंडलों और प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री से भेंट की। प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों, समस्याओं और सुझावों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने संबंधित विषयों पर अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसंवाद के माध्यम से जनता की समस्याओं के समाधान और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरलता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
इस अवसर पर विधायक महंत दिलीप रावत, किशोर उपाध्याय, अनिल नौटियाल, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, जेसी कांडपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें