हल्द्वानी के कथित शुद्धिकरण यज्ञ प्रकरण पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून, 24 अगस्त। हल्द्वानी में 8 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ के मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस के चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि यदि किसी सार्वजनिक स्थल को किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर ‘अशुद्ध’ बताकर उसका कथित शुद्धिकरण किया गया है तो यह संविधान, सामाजिक न्याय और समानता की भावना के खिलाफ गंभीर मामला है।
पार्टी का आरोप है कि राज्यसभा में मामले की जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। कांग्रेस ने कहा कि सरकार की चुप्पी सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों को लेकर सवाल खड़े करती है।कांग्रेस ने राज्यपाल से प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की पहचान कर भारतीय न्याय संहिता सहित अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा भविष्य में जातिगत भेदभाव और सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाले कृत्यों पर रोक लगाने की मांग की।
प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां छुआछूत व जातिगत भेदभाव जैसी मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
ज्ञापन देने वालों में डॉ. हरक सिंह रावत, जोत सिंह गुनसोला, शूरवीर सिंह सजवाण, नवप्रभात, मदन बिष्ट, विक्रम सिंह नेगी, मनोज रावत, राजकुमार, ज्योति रौतेला, गोदावरी थापली, गरिमा माहरा दसौनी, मदनलाल, कर्नल राम रतन नेगी, आरेंद्र शर्मा, सूर्यकांत धस्माना और लालचंद शर्मा सहित कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें