देहरादून में भारत-नेपाल संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 21 अगस्त।भारत और नेपाल के बीच सीमा प्रबंधन एवं सुरक्षा को लेकर संयुक्त कार्य समूह (JWG) की 14वीं बैठक 20 और 21 अगस्त को देहरादून में आयोजित हुई। बैठक में दोनों देशों ने सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और आपसी सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

भारत की ओर से बैठक का नेतृत्व गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव (बीएम-I) पौसुमी बसु ने किया, जबकि नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नेपाल के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आनंद काफ्ले ने किया।
बैठक में सीमा प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़े द्विपक्षीय सहयोग के पूरे दायरे की समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने सीमा पार अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने के लिए सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।
इसके अलावा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी), सड़कों और रेल नेटवर्क समेत सीमा से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और उनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। सीमा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने और सीमा स्तंभों के रखरखाव का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा।दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में संस्थागत समन्वय और क्षमता निर्माण को मजबूत करने पर भी विचार साझा किए तथा इन विषयों पर निरंतर संवाद बनाए रखने पर सहमति जताई।बैठक में तय किया गया कि संयुक्त कार्य समूह की अगली बैठक नेपाल में दोनों पक्षों की आपसी सहमति से तय तिथि पर आयोजित की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें