
देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र के कांवली स्थित शास्त्री नगर में बारिश के दौरान हुए जलभराव को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर ने शुक्रवार को क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय लोगों से जलभराव की समस्या और उससे हुए नुकसान की जानकारी ली। इसी क्षेत्र में बारिश के दौरान वाहनों और ऑटो के पानी में बहने का वीडियो वायरल हुआ था।
अभिनव थापर ने कहा कि शास्त्री नगर में हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति पैदा होती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए अब तक प्रभावी ड्रेनेज प्लान नहीं बनाया गया। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और जल निकासी की उचित व्यवस्था के अभाव में बारिश का पानी घरों में घुस रहा है।
उन्होंने कहा कि शास्त्री नगर में कैंट विधानसभा के वार्ड 39, 40, 41 और 42 के हजारों लोग रहते हैं। इस बार जलभराव के कारण कई घरों में गंदा पानी घुसा, जिससे घरेलू सामान और संपत्ति को नुकसान पहुंचा। नालों में वाहन और ऑटो फंसने से पानी का बहाव भी प्रभावित हुआ।
थापर ने आरोप लगाया कि यह केवल जलभराव की समस्या नहीं, बल्कि सरकार और प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वैज्ञानिक ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने के साथ नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शास्त्री नगर और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या का जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस क्षेत्रवासियों के साथ आंदोलन करेगी। इस दौरान बिमलेश वर्मा, अवधेश कुमार, मालती देवी, कमला रावत, सीता भट्ट समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।








