एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी का सीएम धामी ने किया शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, देहरादून में आयोजित एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतियोगिता में देश-विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का उत्तराखंड में स्वागत करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव का विषय है कि प्रदेश को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। इससे उत्तराखंड की पहचान शीतकालीन और आइस स्पोर्ट्स के अनुकूल गंतव्य के रूप में और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि खेल विभिन्न देशों को जोड़ने के साथ मित्रता, सद्भाव और खेल भावना को भी बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार से आगे खेल भावना, अनुशासन, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति को महत्व देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने आयोजन से जुड़े आयोजकों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों और सहयोगियों को भी सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
खेल अवस्थापना को मिल रही मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति वातावरण में व्यापक बदलाव आया है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों से खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है। उत्तराखंड में भी सरकार प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों से प्रदेश में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल अवस्थापना का मजबूत आधार तैयार हुआ है। अब उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए भी सक्षम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना पर कार्य चल रहा है, जबकि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है।उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर दिए जा रहे हैं। प्रतिभावान खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में निःशुल्क शिक्षा एवं प्रशिक्षण सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना के माध्यम से भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पारंपरिक खेलों के साथ वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है। लक्ष्य है कि उत्तराखंड देश और दुनिया के खिलाड़ियों के लिए पसंदीदा खेल प्रशिक्षण केंद्र बने।
17 से 20 अगस्त तक चलेगी प्रतियोगिता
एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का आयोजन 17 से 20 अगस्त तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें