देहरादून 11 अगस्त ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में अवस्थापना सुविधाओं के विकास, आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत, बाढ़ सुरक्षा, मार्गों के पुनर्निर्माण, हेलीपैड निर्माण और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए ₹74 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
स्वीकृत धनराशि में बागेश्वर के बेड़ा-मझड़ा (करीमपुर) में हेलीपैड निर्माण के लिए ₹8.91 करोड़ और गंगोत्री धाम में सीवर लाइन तथा छूटे हुए घरों व सार्वजनिक शौचालयों से संबंधित कार्यों के लिए ₹4.99 करोड़ शामिल हैं। अभियोजन कार्यालय में अभियोजन अधिष्ठान के अंतर्गत अवशेष धनराशि के लिए भी ₹8.89 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
विद्यालयों की क्षतिग्रस्त सुविधाओं की होगी मरम्मत
आपदा से विद्यालय परिसरों में क्षतिग्रस्त आधारभूत सुविधाओं की मरम्मत और शिक्षण कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए माध्यमिक शिक्षा के विद्यालयों को ₹15 करोड़ तथा प्रारंभिक शिक्षा के विद्यालयों को ₹15 करोड़, यानी कुल ₹30 करोड़ की धनराशि राज्य आपदा मोचन निधि से स्वीकृत की गई है।
इसके अलावा उत्तरकाशी, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और देहरादून में राहत एवं बचाव, पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण तथा तैयारी एवं क्षमता निर्माण के लिए ₹1.08 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
सात गांवों और भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र को बाढ़ से सुरक्षा
उधमसिंह नगर के खटीमा विकासखंड के सात गांवों में आवासीय भवनों को नदी-नालों की बाढ़ से सुरक्षा देने के लिए ₹4.01 करोड़ की योजना स्वीकृत हुई है। वहीं भारत-नेपाल सीमा पर जगबूढ़ा नदी के दायें पार्श्व में स्थित सिसैया, मेलाघाट और एसएसबी कैंप कार्यालय की बाढ़ सुरक्षा के लिए ₹4.62 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
चमोली में आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों को खोलने और मलबा हटाने में इस्तेमाल जेसीबी व पॉकलैंड मशीनों के लंबित भुगतान के लिए ₹3.18 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। हरबर्टपुर नगर पालिका क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट परियोजना के लिए भी ₹3.27 करोड़ की मंजूरी दी गई है।
आपदा प्रबंधन व्यवस्था को भी मिलेगा बजट
भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के रखरखाव के लिए ₹2 करोड़, सैटेलाइट फोन रिचार्ज के लिए ₹1.90 करोड़, विभिन्न उपकरणों के रखरखाव व विशेषज्ञों के मानदेय के लिए ₹40 लाख, मॉक अभ्यासों के आयोजन के लिए ₹60 लाख तथा ईईआरएस कार्मिकों के मानदेय के लिए ₹18 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
शहीद मंदीप सिंह नेगी के नाम पर होगा मोटर मार्ग
मुख्यमंत्री धामी ने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के अंतर्गत चलकुडिया-मसमोली-नौखोली मोटर मार्ग का नाम शहीद मंदीप सिंह नेगी मोटर मार्ग किए जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया है। इस फैसले से शहीद मंदीप सिंह नेगी की स्मृति को सम्मान मिलेगा।








