
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने भेंट की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र पुरोला के विल्ला नौगांव के अंतर्गत 65 गांवों के आराध्य देवता रुद्रेश्वर महादेव के डांडा देवराणा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री घोषणा के तहत ₹1.79 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ स्थानीय स्तर पर आस्था और परंपरा से जुड़े मंदिरों तथा मेलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान हैं और इनके संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता है।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि डांडा देवराणा स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र के 65 गांवों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर से बड़ी संख्या में लोगों की धार्मिक और सांस्कृतिक आस्थाएं जुड़ी हैं। मंदिर के सौंदर्यीकरण और अवस्थापना सुविधाओं के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण के साथ स्थानीय आस्था से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता दे रही है। स्वीकृत धनराशि से मंदिर परिसर में विभिन्न विकास और सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे, जिसका लाभ स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं को मिलेगा।
विधायक ने मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में डांडा देवराणा रुद्रेश्वर महादेव मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने के लिए भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि राजकीय मेले का दर्जा मिलने से इस ऐतिहासिक धार्मिक मेले को व्यापक पहचान मिलेगी और क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराओं तथा धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर रुद्रेश्वर मंदिर समिति के केंद्रीय अध्यक्ष एवं मंदिर समिति के सदस्य तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, भाजपा नेता जगनमोहन चंद, सरदार सिंह राणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष बचन चौहान और वर्तमान मंडल अध्यक्ष अनिल चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






