तमकनाला आपदा पर सीएम धामी की सीधी नजर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 11 अगस्त। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में बेली ब्रिज बहने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने चमोली के जिलाधिकारी और गढ़वाल मंडल आयुक्त से घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए राहत-बचाव कार्यों, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और सड़क संपर्क बहाली को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों और अन्य माध्यमों से ग्रामीणों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने को कहा गया है।

ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर आवाजाही जल्द बहाल करने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर तत्काल काम करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति और नुकसान का आकलन करने को कहा गया है, ताकि राहत एवं पुनर्व्यवस्था के कार्यों में देरी न हो।

निचले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता

बदलते मौसम और बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए नदी-नालों और निचले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने को कहा गया है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से चमोली समेत प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि आपात स्थिति में राहत एवं बचाव दलों को तत्काल सक्रिय किया जा सके।

तेज जलप्रवाह में बहा था बेली ब्रिज

सोमवार को ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में अचानक जलप्रवाह बढ़ने से 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा की ओर से निर्मित बेली ब्रिज बह गया था। तेज बहाव में एक व्यक्ति और एक कैंपर वाहन के बहने की सूचना भी मिली थी।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और राहत-बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें भी मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।

सुरक्षा, राहत और कनेक्टिविटी पर फोकस

तमकनाला घटना के बाद सरकार का फोकस राहत-बचाव के साथ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति, वैकल्पिक कनेक्टिविटी और आवाजाही की जल्द बहाली पर है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परिस्थितियों के अनुसार मौके पर त्वरित निर्णय लेने और राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।

सरकार का कहना है कि प्राकृतिक आपदाओं को रोका नहीं जा सकता, लेकिन समय पर सतर्कता, बेहतर समन्वय और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई से उनके प्रभाव को कम किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति जल्द बहाल करना और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें