टिहरी मेडिकल कॉलेज के निर्माण की तैयारी तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 23 जुलाई। प्रस्तावित टिहरी मेडिकल कॉलेज के निर्माण की दिशा में सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को सचिवालय में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने उच्च अधिकारियों के साथ मेडिकल कॉलेज के निर्माण, भूमि चयन और परियोजना की रूपरेखा को लेकर समीक्षा बैठक की।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण ऐसे स्थान पर किया जाएगा, जहां से अधिकतम आबादी को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से टिहरी सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा, लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी और प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना से दूरस्थ क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। मेडिकल कॉलेज को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मास्टर प्लान के तहत विकसित किया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री ने इसे प्रदेश की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह परियोजना स्वास्थ्य क्षेत्र में नया मील का पत्थर साबित होगी।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे ने जिलाधिकारी टिहरी को निर्देश दिए कि चयनित भूमि से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र शासन को उपलब्ध कराया जाए, ताकि परियोजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें