देहरादून/भुवनेश्वर, 14 जुलाई। पुरी रथ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को निर्बाध मोबाइल सेवा उपलब्ध कराने के लिए भारती एयरटेल ने ओडिशा में अपने नेटवर्क का व्यापक विस्तार किया है। कंपनी ने पुरी और वहां तक पहुंचने वाले प्रमुख सड़क एवं रेल मार्गों पर 5जी नेटवर्क को मजबूत किया है, ताकि वॉयस और डेटा ट्रैफिक में होने वाली भारी वृद्धि के दौरान भी बेहतर कनेक्टिविटी बनी रहे।
एयरटेल के अनुसार, पिछले 12 महीनों में पूरे ओडिशा में 1,500 से अधिक नई 5जी साइट्स स्थापित की गई हैं। इससे राज्य के सभी 30 जिलों में नेटवर्क कवरेज मजबूत हुआ है और 1.1 करोड़ से अधिक ग्राहकों को तेज और भरोसेमंद कनेक्टिविटी का लाभ मिल रहा है।
कंपनी ने ग्राहकों के लिए ₹399 से शुरू होने वाले फुल्ली अनलिमिटेड प्रीपेड प्लान भी पेश किए हैं। इन योजनाओं में अनलिमिटेड 4जी और 5जी डेटा के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा मिलेगी, जिससे उपयोगकर्ता बिना दैनिक डेटा सीमा की चिंता के इंटरनेट सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे।
भारती एयरटेल के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) अभिरूप चटर्जी ने कहा कि पुरी रथ यात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है। ऐसे में श्रद्धालुओं को विश्वसनीय और निर्बाध नेटवर्क उपलब्ध कराना कंपनी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुरी और प्रमुख यात्रा मार्गों पर नेटवर्क विस्तार का कार्य पूरा कर लिया गया है, जिससे पूरे आयोजन के दौरान ग्राहकों को बेहतर नेटवर्क अनुभव मिलेगा।






