उत्तराखंड में SIR के पहले चरण के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 14 जुलाई।उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के प्रथम चरण के पूरा होने के बाद मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के नेतृत्व में तैयार सूची में प्रदेश के 71,33,785 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि मतदाता सूची पर 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इनके निस्तारण के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या 11,733 से बढ़कर 12,543 हो गई है। ड्राफ्ट सूची में शामिल करीब 19 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां मिली हैं। संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे और उनके निस्तारण के लिए न्याय पंचायत, तहसील, नगर निगम, नगर पंचायत और वार्ड स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से बीएलओ या ECINet ऐप पर आवेदन कर सकते हैं। नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि फॉर्म-6 और फॉर्म-8 के साथ घोषणा पत्र (एनेक्सर-4) संलग्न करना अनिवार्य होगा।निर्वाचन आयोग ने आवेदन के साथ पहचान और निवास संबंधी प्रमाण के लिए जन्म प्रमाणपत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, परिवार रजिस्टर, भूमि या मकान आवंटन पत्र सहित अन्य निर्धारित दस्तावेजों को मान्य माना है।

Leave a Comment

और पढ़ें