
मसूरी, 29 जून। उप जिला चिकित्सालय मसूरी में सोमवार को ओएनजीसी के वित्तीय सहयोग तथा सरस्वती जनकल्याण एवं स्वरोजगार संस्थान, देहरादून के सहयोग से चिकित्सा उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने अस्पताल का निरीक्षण कर विभिन्न आधुनिक चिकित्सा उपकरण अस्पताल प्रशासन को समर्पित किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ओएनजीसी के सहयोग से उपलब्ध कराए गए उपकरणों से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा स्थानीय निवासियों के साथ-साथ मसूरी आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकेंगी।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि उप जिला चिकित्सालय मसूरी में प्रतिदिन लगभग 400 मरीजों की ओपीडी संचालित होती है। वहीं हर माह 35 से 40 सुरक्षित प्रसव कराए जाते हैं। अस्पताल में एक्स-रे, सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी महत्वपूर्ण चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी लाभान्वित हो रही है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने ओएनजीसी और सरस्वती जनकल्याण एवं स्वरोजगार संस्थान के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता में वृद्धि होती है।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, अरविंद सेमवाल, विजय बिंदवाल, विजय बुटोला, अभिलाष, सचिन, महिला मोर्चा अध्यक्ष जसोदा शर्मा, अनिता धनाई, कमला थपलियाल, सपना शर्मा, सीता पंवार, गुड्डी देवी, चिकित्सकगण, अस्पताल प्रशासन के अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









