चंपावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना मेरा संकल्प : मुख्यमंत्री धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंपावत 29 जून।मुख्यमंत्री ने सोमवार को चंपावत में 123.79 करोड़ रुपये की लागत वाली 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 27.79 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई आठ योजनाओं का लोकार्पण तथा 96 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित नौ योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने 3.49 करोड़ रुपये की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन भी किया तथा रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बनने वाले सिटी सेंटर के भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है। राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है और चंपावत शिक्षा, पर्यटन, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तीकरण, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा चंपावत विकसित करना है जहां युवाओं को अवसर, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि और व्यापारियों को नए आयाम मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत नगर में 62.33 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा। इससे पार्किंग की समस्या का समाधान होने के साथ स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा व्यापारिक भवन, महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र और ओपन जिम जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 257 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और 58.52 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर की स्थापना की जा रही है। कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने बताया कि टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा 14 करोड़ रुपये की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र की स्थापना के कार्य भी प्रगति पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लोकार्पित और शिलान्यास की गई परियोजनाएं विकसित चंपावत की मजबूत नींव हैं। ये योजनाएं युवाओं को नए अवसर, महिलाओं को सशक्तीकरण, किसानों को समृद्धि और पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान प्रदान करेंगी। उन्होंने जनपदवासियों को विकास परियोजनाओं की बधाई देते हुए विकास यात्रा में निरंतर जनसहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम पांडे, हेमा जोशी, रोहित बिष्ट, मुकेश महराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें