चंपावत जिला अस्पताल में शुरू हुई एमआरआई सुविधा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


चंपावत 29 जून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में जिला अस्पताल में स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया। कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से करीब छह करोड़ रुपये की लागत से यह मशीन स्थापित की गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सीमांत क्षेत्र के लिए लगभग 40 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं की सौगात भी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड ही समर्थ, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड का आधार है। राज्य सरकार अस्पतालों के निर्माण के साथ-साथ उन्हें आधुनिक उपकरणों, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं और प्रशिक्षित मानव संसाधन से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि अब तक चंपावत और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को एमआरआई जांच के लिए हल्द्वानी समेत अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। नई सुविधा शुरू होने से मस्तिष्क, रीढ़, नसों, जोड़ों, कैंसर और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों की जांच स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगी। इससे समय और धन की बचत होने के साथ मरीजों को त्वरित उपचार भी मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला चिकित्सालय चंपावत में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड के आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा 11.71 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग, अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक विंग और आधुनिक ऑपरेशन थिएटर का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि अमोड़ी में 2.18 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं। नर्सिंग शिक्षा को मजबूत करने के लिए इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान में 4.70 करोड़ रुपये की लागत से 129 बेड के छात्रावास का निर्माण पूरा किया जा चुका है। जनपद में नए पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से लाखों परिवारोंं को निःशुल्क और कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आर्थिक अभाव किसी भी व्यक्ति के उपचार में बाधा न बने।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल महारा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें