पोलियो खुराक से वंचित मिला कोई बच्चा तो होगी कार्रवाई: डीएम डॉ. आशीष चौहान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून, 25 जून। राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस-2026 के तहत 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि जनपद में 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की जीवनरक्षक खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी क्षेत्र में पात्र बच्चा छूटने पर संबंधित अधिकारी और कार्मिक की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि जनपद में 28 जून को 1505 बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इनमें 1399 स्थिर बूथ, 82 ट्रांजिट बूथ और 24 मोबाइल बूथ शामिल हैं। इसके बाद 29 जून से 4 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान के संचालन के लिए 1498 टीमें और 444 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को सभी बूथों, ट्रांजिट और मोबाइल टीमों की तैयारियां समय पर पूरी करने, दवाओं, वैक्सीन कैरियर, प्रचार सामग्री और आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्गम क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने शिक्षा विभाग को विद्यालयों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के जरिए घर-घर संपर्क कर परिवारों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए। पंचायती राज विभाग को ग्राम पंचायतों और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने तथा पुलिस विभाग को ट्रांजिट बूथों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया।
डॉ. चौहान ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी विभाग समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करें, ताकि जनपद का कोई भी बच्चा पोलियो सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद ढौंडियाल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें