
देहरादून, 25 जून। मोहर्रम के अवसर पर 26 जून 2026 को निकाले जाने वाले जुलूस को देखते हुए देहरादून पुलिस ने विशेष यातायात एवं रूट डायवर्जन योजना जारी की है। जुलूस दोपहर 2 बजे ईसी रोड से प्रारंभ होगा, जिसके दौरान विभिन्न मार्गों पर यातायात को चरणबद्ध तरीके से डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस द्वारा जारी योजना के अनुसार, जुलूस के ईसी रोड से प्रस्थान करते ही यूकेलिप्टस चौक, बेनी बाजार और सर्वे चौक से ईसी रोड की ओर किसी भी प्रकार का यातायात नहीं आने दिया जाएगा। जुलूस के सर्वे चौक पार करने के बाद ईसी रोड पर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा, जबकि सर्वे चौक से परेड ग्राउंड की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान यातायात को क्रॉस रोड और बुद्धा चौक मार्ग से भेजा जाएगा।
परेड ग्राउंड से रोजगार तिराहा, कॉन्वेंट तिराहा और लैन्सडॉन चौक की ओर जुलूस बढ़ने पर इन मार्गों पर जुलूस की दिशा में कोई यातायात नहीं भेजा जाएगा तथा वाहनों को सर्वे चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। जुलूस के लैन्सडॉन चौक से दर्शनलाल चौक की ओर पहुंचने पर सर्वे चौक का यातायात सामान्य कर दिया जाएगा, जबकि लैन्सडॉन चौक से दर्शनलाल चौक की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
दर्शनलाल चौक, तहसील चौक और इनामुल्ला बिल्डिंग की ओर जुलूस बढ़ने के दौरान जुलूस के पीछे किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। यातायात को दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक, दून चौक और द्रोण होटल कट की ओर मोड़ा जाएगा। इनामुल्ला बिल्डिंग पर जुलूस समाप्त होने के बाद समस्त यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
विक्रम एवं सिटी बसों के लिए विशेष व्यवस्था
जुलूस के सर्वे चौक पहुंचने से पूर्व विभिन्न रूटों पर संचालित विक्रम, सिटी बसों और व्यवसायिक वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
– 3 नंबर विक्रम को रेसकोर्स चौक से वापस रेसकोर्स पीएनबी तिराहा और आराघर टी-जंक्शन की ओर भेजा जाएगा।
– 5 और 8 नंबर विक्रमों को रेलवे गेट से वापस किया जाएगा।
– 2 नंबर विक्रम, सिटी बसों और व्यवसायिक वाहनों को सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से वापस मोड़ा जाएगा।
– प्रेमनगर और कैंट क्षेत्र से आने वाले विक्रमों को बिंदाल पुल से वापस भेजा जाएगा।
देहरादून पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।







