
चम्पावत, 06 जून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए टनकपुर तहसील अंतर्गत दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं से मां पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाएं मजबूत होंगी तथा हनुमानगढ़ी मंदिर का कायाकल्प और सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के ‘आदर्श चम्पावत’ संकल्प के तहत सेलागांव में मां पूर्णागिरि मेले के सुचारू संचालन के लिए अत्याधुनिक बहुउद्देशीय प्रशासनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना की कुल लागत 8.54 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में 4 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
प्रस्तावित भवन में विभिन्न विभागों, सुरक्षा एजेंसियों और मेला प्रशासन के लिए एकीकृत व्यवस्था विकसित की जाएगी। साथ ही आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष, प्रशासनिक कार्यालयों और जनसुविधाओं का संचालन भी इसी परिसर से किया जा सकेगा, जिससे मेले के बेहतर प्रबंधन में सहायता मिलेगी।
इसके अलावा राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मानस मंदिर माला मिशन’ के अंतर्गत हनुमानगढ़ी मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 4.91 करोड़ रुपये की पूर्ण धनराशि स्वीकृत की गई है। योजना के तहत मंदिर परिसर का विस्तार, श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल, पेयजल व्यवस्था, सुगम पहुंच मार्ग, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था तथा पारंपरिक स्थापत्य शैली के अनुरूप विशेष विकास कार्य किए जाएंगे।सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा चम्पावत जिले की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली इन योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरा करने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं तथा जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।









