एमएफएन लाइटवेट विश्व चैंपियन दिगंबर सिंह रावत ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 4 जून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में चमोली निवासी एवं अंतरराष्ट्रीय मिश्रित मार्शल आर्ट्स (एमएमए) खिलाड़ी दिगंबर सिंह रावत ने शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिगंबर सिंह रावत को एमएफएन (मैट्रिक्स फाइट नाइट) लाइटवेट विश्व चैंपियन बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिगंबर सिंह रावत ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि उत्तराखंड के युवा खेलों के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बनाने की क्षमता रखते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिगंबर सिंह रावत भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि दिगंबर सिंह रावत वर्तमान में एमएफएन लाइटवेट विश्व चैंपियन हैं। उन्होंने ग्रेटर नोएडा में आयोजित एमएफएन-18 में पहले ही राउंड में तकनीकी नॉकआउट (टीकेओ) के जरिए शानदार जीत दर्ज कर रिक्त विश्व खिताब अपने नाम किया था।

दिगंबर सिंह रावत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन से युवाओं का मनोबल बढ़ रहा है और उन्हें अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए नई ऊर्जा मिल रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें