नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन बना सीमांत विकास का नया माध्यम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चमोली, 01 जून। सीमांत जनपद चमोली की सुरम्य और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में आयोजित तीन दिवसीय ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के तहत विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। मलारी गांव में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत आयोजित यह आयोजन सीमांत गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों को अब “देश का पहला गांव” मानकर विकसित किया जा रहा है और नीति घाटी में आयोजित यह अल्ट्रा रन उसी सोच का जीवंत उदाहरण है।

उन्होंने बताया कि वाइब्रेंट विलेज योजना के प्रभाव से नीति क्षेत्र में होम-स्टे की संख्या 35 से बढ़कर 450 से अधिक हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 हजार फीट की ऊंचाई पर आयोजित यह आयोजन युवाओं के साहस, ऊर्जा और आत्मविश्वास का प्रतीक बनकर उभरा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “नीति घाटी का यह जागरण केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों के स्वाभिमान, स्वावलंबन और नए विश्वास की नई इबारत है। यह अभियान भविष्य में उत्तराखंड की अन्य सीमांत घाटियों तक भी पहुंचेगा।”

पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस आयोजन में देश के 27 राज्यों से 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना और युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

विभिन्न स्पर्धाओं में दिखा उत्साह

‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के तहत 5, 10, 21, 42 और 75 किलोमीटर की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेताओं को पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल एवं अन्य अतिथियों ने पुरस्कार राशि और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

75 किलोमीटर अल्ट्रा रन में दिगंबर सिंह और मीनाक्षी ने ओपन वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 42 किलोमीटर मैराथन में यश राज और दिया, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में लोकेश कुमार और प्रिया, जबकि 10 किलोमीटर दौड़ में सुरेंद्र सिंह और पूजा बिष्ट विजेता रहे।

1200 प्रतिभागियों ने बढ़ाई आयोजन की प्रतिष्ठा

आयोजन में 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 160, 42 किलोमीटर मैराथन में 155, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में 215, 10 किलोमीटर शॉर्ट रन में 210 तथा 5 किलोमीटर फन रन में 260 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कुल मिलाकर 1100 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न दौड़ स्पर्धाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।

आयोजन के अंतिम दिन 2 जून को गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर एमटीबी (माउंटेन बाइकिंग) चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 100 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भारतीय सेना, आईटीबीपी, चिकित्सा विभाग, पर्यटन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें