

देहरादून, 27 मई 2026। देहरादून नगर निगम के वार्ड-35 स्थित श्रीदेवसुमन नगर भाग-1 के शिव मंदिर में आयोजित 182वें श्री हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम के अवसर पर ब्रह्मकमल शक्ति संस्था द्वारा क्षेत्र की सक्रिय मातृशक्ति को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।संस्था के अध्यक्ष अभिनव थापर ने बताया कि बीते साढ़े तीन वर्षों से निरंतर प्रत्येक सप्ताह हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति न केवल सनातन संस्कृति और धार्मिक चेतना को सशक्त बना रही है, बल्कि समाज में एकता और सकारात्मकता का संदेश भी प्रसारित कर रही है। ऐसे आयोजन समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद संगीता गुप्ता की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही पूर्व पार्षद सुमित्रा ध्यानी एवं कीर्तन मंडली की सदस्य मीनाक्षी शर्मा, संगीता वर्मा, सारिका चौधरी, रजनी वर्मा, कविता जैन, रेखा शर्मा, संतोष, रेखा गुप्ता, आशारानी, पल्लवी, निधि, मंजू देवी, किरन बाला सहित अनेक महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
अंत में आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, मंदिर समिति एवं क्षेत्रवासियों का सहयोग और सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।







