
देहरादून/चमोली 26 मई। ओएनजीसी निगम ने अपनी सीएसआर योजना के तहत चमोली जनपद के नंदानगर ब्लॉक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मोख को आवश्यक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई।
सोसायटी ऑफ पीपुल फॉर डेवलपमेंट (एसपीडी) के माध्यम से सोमवार को विद्यालय को 100 सेट कुर्सी-मेज, शिक्षकों के लिए 12 कुर्सियां व 4 मेज, 6 डेस्कटॉप कंप्यूटर, प्रिंटर, 3 पुस्तकालय अलमारियां, 10 व्हाइट बोर्ड, 600 वॉट यूपीएस, कंप्यूटर टेबल-चेयर सहित अन्य सामग्री प्रदान की गई। यह सामग्री ग्राम प्रधान धुर्मा के माध्यम से विद्यालय के प्रधानाचार्य को सौंपी गई।
गौरतलब है कि 17 सितंबर 2025 को नंदानगर ब्लॉक के धुर्मा पंचायत क्षेत्र में बादल फटने की घटना से कई गांवों के साथ इस विद्यालय को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा था। ऐसे में ओएनजीसी की यह मदद शिक्षा व्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।विद्यालय में आयोजित सादे समारोह में ग्राम प्रधान पुष्पेंद्र सिंह रावत ने ओएनजीसी के इस प्रयास की सराहना की। उप शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार उप्रेती ने ऑनलाइन जुड़ते हुए कहा कि इस सामग्री से विद्यार्थियों के पठन-पाठन में निश्चित रूप से सुधार होगा और भविष्य में भी ऐसे सहयोग की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर ओएनजीसी के एल. मोहन लखेड़ा ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए संस्था की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सतीश चंद्र ने ओएनजीसी का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में एसपीडी संस्था के सचिव विमल पंत, केसी पंत, प्रधान पुष्पेंद्र सिंह रावत, एसएमसी अध्यक्ष मनोज सिंह, पीटीए सदस्य जोध सिंह बिष्ट, प्रवक्ता मनवर सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।







