देहरादून में महिला आक्रोश मशाल यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 28 अप्रैल। राजधानी देहरादून में गांधी पार्क से घण्टाघर तक आयोजित महिला आक्रोश मशाल यात्रा में हजारों महिलाओं की भागीदारी ने प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में माताएं, बहनें और बेटियां बड़ी संख्या में शामिल हुईं। महिला आरक्षण बिल गिरने के विरोध में निकाली गई इस मशाल यात्रा ने नारी शक्ति की एकजुटता और जागरूकता का प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह मशाल यात्रा केवल एक प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन ताकतों के खिलाफ जन आक्रोश है जो महिलाओं के अधिकारों में बाधा डालने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अब राज्य ही नहीं बल्कि पूरे देश की नारी अपने सम्मान और अधिकारों के लिए एकजुट होकर खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय को वर्षों तक लंबित रखा गया, जबकि हाल के वर्षों में इसे आगे बढ़ाने के प्रयास किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक स्वार्थों के चलते इस दिशा में बाधाएं उत्पन्न की गईं, जिसे जनता भली-भांति देख रही है।

सीएम धामी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल महिलाओं के अधिकारों को लेकर गंभीर नहीं हैं और उन्होंने हमेशा इसे केवल राजनीतिक मुद्दा बनाकर रखा। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की महिलाएं अब जागरूक हैं और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की भारतीय नारी केवल दर्शक नहीं, बल्कि निर्णय लेने वाली शक्ति बन रही है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए किए गए प्रयासों को ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी बताया।

उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी कुछ परंपरागत और परिवारवादी राजनीति करने वाले दलों को असहज कर रही है। इसी कारण वे महिलाओं को उनका वास्तविक अधिकार देने से कतराते रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रगति ही प्रदेश और देश के विकास का आधार है।

इस विशाल मशाल यात्रा के माध्यम से एक मजबूत राजनीतिक संदेश भी सामने आया कि आने वाले समय में महिला शक्ति अपनी एकजुटता के बल पर उन सभी ताकतों को जवाब देगी, जो उनके अधिकारों के मार्ग में बाधा बनती हैं।

कार्यक्रम में महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या , विधायक सविता कपूर , आशा नौटियाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि तथा प्रदेशभर से आई बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Comment

और पढ़ें