
रुद्रप्रयाग 22 अप्रैल। श्रद्धा, आस्था और दिव्यता की अद्भुत त्रिवेणी के बीच ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में कपाट खुलते ही पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के उद्घोष से गूंज उठा।
कपाट खुलने के पावन अवसर पर पहली पूजा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न कराई गई। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे और उन्होंने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर प्रदेश और देश की सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की।
सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच कपाट उद्घाटन का क्षण और भी अलौकिक हो उठा। मुख्यमंत्री धामी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केदारनाथ धाम न केवल सनातन आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और इस वर्ष भी यात्रा ऐतिहासिक होने की संभावना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और आतिथ्य भाव बनाए रखें।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बाबा केदारनाथ का अनन्य भक्त बताते हुए कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद उनके मार्गदर्शन में धाम का भव्य और दिव्य पुनर्निर्माण हुआ, जो आज विश्वभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।
भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर से गुप्तकाशी, फाटा और गौरीकुंड होते हुए मंगलवार शाम धाम पहुंच चुकी थी। कपाट खुलने की प्रक्रिया प्रातः 5 बजे से शुरू हुई।रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी. गंगाधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधायक आशा नौटियाल समेत धर्माचार्यों और वेदपाठियों ने गर्भगृह में प्रवेश कर विधिवत पूजा-अर्चना की। देव आवाहन और लोककल्याण के संकल्प के साथ ठीक 8 बजे कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
कपाट उद्घाटन के अवसर पर मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।इस अवसर पर गीता धामी, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।








