देहरादून 07 अप्रैल। उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय राजनैतिक दलों ने बूथ स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए अब तक 20 हजार से अधिक बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) की नियुक्ति कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम के विशेष प्रयासों के बाद यह प्रगति सामने आई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में अब तक कुल 20,863 बीएलए नियुक्त किए जा चुके हैं। उन्होंने इस पहल के लिए सभी राजनीतिक दलों का आभार जताया और शत-प्रतिशत बीएलए नियुक्त करने की अपील की। वर्तमान स्थिति के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी ने 89 प्रतिशत और कांग्रेस ने 84 प्रतिशत बीएलए नियुक्त कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 13 में से 5 जिलों में दोनों प्रमुख दलों द्वारा सभी बूथों पर बीएलए की शत-प्रतिशत नियुक्ति हो चुकी है। दलवार आंकड़ों के अनुसार भाजपा ने 10,551, कांग्रेस ने 9,869, सीपीआई (एम) ने 326 और बीएसपी ने 117 बीएलए नियुक्त किए हैं।
डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान मतदाता सूची के शुद्धिकरण में बीएलए की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर यह लक्ष्य तय किया गया था, जिसके बाद तेजी से नियुक्तियां की गई हैं।






