
हरिद्वार, 5 अप्रैल। उत्तराखंड यूथ महिला एवं पुरुष मुक्केबाजी प्रतियोगिता 2026 के बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ की टीम ओवरऑल चैंपियन बनी। रविवार को हरिद्वार स्थित योगस्थली खेल परिसर के मल्टीपरपज हॉल में प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्य ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 13 जनपदों की टीमों ने हिस्सा लिया। बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ जनपद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि पिथौरागढ़ स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीम रनर-अप रही।
समापन अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से बॉक्सिंग का उभरता हुआ केंद्र बन रहा है और वह दिन दूर नहीं जब प्रदेश के खिलाड़ी ओलंपिक गेम्स और कामनवेल्थ गेम्स जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि खेल कौशल को निखारने के लिए मेहनत, अनुशासन और समर्पण बेहद जरूरी है। साथ ही सरकार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी देने की व्यवस्था पहले से लागू कर चुकी है।
प्रतियोगिता के विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। 45 से 48 किलोग्राम वर्ग में पिथौरागढ़ की जया ने स्वर्ण पदक, सविता ने रजत पदक तथा नेहा और गुंजन ने कांस्य पदक जीते। 48 से 51 किलोग्राम वर्ग में कोमल लोहिया ने स्वर्ण, कृष्णा ने रजत और ऋतु व वैष्णवी ने कांस्य पदक अपने नाम किए। 51 से 54 किलोग्राम वर्ग में पिथौरागढ़ की चांदनी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि कविता ने रजत और अनुष्का व अलीशा ने कांस्य पदक हासिल किए। वहीं 54 से 57 किलोग्राम वर्ग में पिथौरागढ़ की बबीता ने स्वर्ण पदक जीता, सलोनी को रजत तथा अंशिका और रिया को कांस्य पदक मिला।
इस अवसर पर गोपाल खोलिया, निर्माण मुखर्जी, देवेंद्र चंद्र भट्ट, नवीन टम्टा, विशाल गर्ग, नवीन चौहान, विपिन चौधरी और सुधीर जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।








