प्रशिक्षु कांस्टेबलों का मुख्यमंत्री धामी ने बढ़ाया हौसला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 04 अप्रैल। पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पुलिस लाइन देहरादून में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस कांस्टेबलों को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने युवा कांस्टेबलों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी समाज में सुरक्षा और विश्वास के प्रतीक होते हैं, इसलिए उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए। उन्होंने कांस्टेबलों से जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाकर अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड एक पहाड़ी राज्य है, जहां समय-समय पर प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पुलिस बल की भूमिका केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं रहती, बल्कि आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में भी पुलिसकर्मियों को सक्रिय भूमिका निभानी पड़ती है। इसलिए उन्होंने पुलिसकर्मियों को आपदा प्रबंधन में दक्ष बनने पर जोर दिया।
उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक प्रशिक्षण और नई तकनीकों के उपयोग से पुलिस बल की कार्यक्षमता और अधिक प्रभावी बन सकती है।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु कांस्टेबलों को संबोधित करते हुए कहा कि वे जनसेवा की भावना को अपने कर्तव्यों का मूल आधार बनाएं और पूरी ईमानदारी तथा समर्पण के साथ राज्य की सेवा करें।

Leave a Comment

और पढ़ें