चारधाम यात्रा से पहले यातायात व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून/चमोली, 14 मार्च। चारधाम यात्रा से पहले यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आवास विभाग के सचिव ने शनिवार को चमोली जनपद के गौचर, कर्णप्रयाग और चमोली में निर्माणाधीन तथा प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

अधिकारियों ने बताया कि गौचर में 27 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिसे जल्द संचालन के लिए तैयार किया जा रहा है। सचिव ने निर्देश दिए कि इस पार्किंग को शीघ्र शुरू किया जाए ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।

इसके बाद सचिव ने कर्णप्रयाग में निर्माणाधीन पार्किंग परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि आगामी से पहले इस पार्किंग का निर्माण हर हाल में पूरा किया जाए, क्योंकि यात्रा के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

चमोली में टैक्सी स्टैंड के पास और खड्ड साइड में प्रस्तावित दो पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों के अनुसार टैक्सी स्टैंड के पास बनने वाली पार्किंग की क्षमता 21 वाहनों की होगी, जबकि खड्ड साइड स्थित पार्किंग में 82 वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इन परियोजनाओं का निर्माण ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है।

सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा मार्ग पर उन स्थानों की पहचान की जाए जहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है। ऐसे स्थानों के पास उपयुक्त भूमि चिन्हित कर नई पार्किंग विकसित की जाए, ताकि भविष्य में यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन और अधिक सुगम बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड पहुंचते हैं, इसलिए पार्किंग और यातायात प्रबंधन की मजबूत व्यवस्था बेहद जरूरी है। गौचर, कर्णप्रयाग और चमोली में विकसित की जा रही पार्किंग परियोजनाएं स्थानीय यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Leave a Comment

और पढ़ें