
चम्पावत, 12 मार्च 2026। जनपद चम्पावत की ग्राम सभा मनिहारगोठ में जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार राशन कार्डों के भौतिक सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला पूर्ति विभाग की टीम ने घर-घर जाकर पात्र और अपात्र लाभार्थियों की पहचान के लिए राशन कार्डधारकों के दस्तावेजों की जांच की।
जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट ने बताया कि अभियान के तहत अंत्योदय और पात्र गृहस्थी श्रेणी के कार्डधारकों के दस्तावेजों का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। साथ ही ग्रामीणों को राशन कार्ड से जुड़े नियमों और पात्रता मानकों की जानकारी भी दी गई।
उन्होंने बताया कि जो परिवार अब निर्धारित मानकों के अंतर्गत नहीं आते हैं, उनसे अपील की गई है कि वे स्वेच्छा से अपना राशन कार्ड सरेंडर कर दें, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को योजना का लाभ मिल सके। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सत्यापन के बाद यदि कोई अपात्र व्यक्ति अनुचित तरीके से राशन प्राप्त करते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना है। विभाग द्वारा आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार का सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पूर्ति विभाग के कार्मिक मौजूद रहे।






