खेल विश्वविद्यालय की दिशा में बड़ा कदम, वन भूमि हस्तांतरण के लिए 8.57 करोड़ स्वीकृत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 12 मार्च। उत्तराखंड सरकार ने हल्द्वानी के गोलापार क्षेत्र में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य सरकार ने वन भूमि हस्तांतरण से जुड़ी प्रक्रिया के लिए 8 करोड़ 57 लाख 13 हजार 171 रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। शासन की ओर से जारी आदेश में यह धनराशि खेल विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि खेल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए वन विभाग की भूमि की आवश्यकता थी, जिसे केंद्र सरकार से पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। वन भूमि के उपयोग के बदले नियमानुसार प्रतिपूरक व्यवस्था करना अनिवार्य होता है। इसके तहत जिन पेड़ों को हटाया जाएगा, उनकी भरपाई के लिए अन्य स्थानों पर नए वृक्ष लगाए जाएंगे तथा इसके लिए भूमि और धनराशि की व्यवस्था की जाती है।

उन्होंने कहा कि इसी प्रतिपूरक वृक्षारोपण और उससे जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने यह राशि स्वीकृत की है। आदेश के अनुसार स्वीकृत धनराशि का उपयोग वित्तीय वर्ष 2025–26 में परियोजना से जुड़े सर्वेक्षण, तकनीकी परीक्षण, परामर्श और अन्य प्रक्रियात्मक कार्यों के साथ-साथ प्रतिपूरक वृक्षारोपण से संबंधित व्यवस्थाओं पर किया जाएगा।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि इस स्वीकृति के बाद खेल विश्वविद्यालय परियोजना से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इससे जल्द ही मैदान स्तर पर परियोजना के व्यावहारिक कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment

और पढ़ें