चम्पावत 27 फरवरी। जनपद के लोहाघाट क्षेत्र स्थित छमनिया में लगभग 256 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन प्रदेश के प्रथम महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत अवलोकन करते हुए कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन फुटबॉल ग्राउंड, एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड, वॉलीबॉल कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट तथा सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक सहित विभिन्न खेल मैदानों की प्रगति की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त 300 बालिकाओं की क्षमता वाले छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर, प्रशासनिक भवन, एकेडमिक ब्लॉक, मल्टीपर्पज हॉल, ऑडिटोरियम एवं गेस्ट हाउस के निर्माण कार्यों की भी विस्तार से जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट में स्थापित हो रहा यह महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। यहां विकसित की जा रही सभी खेल व्यवस्थाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होंगी, जिससे उत्तराखंड की महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेंगी।
उन्होंने कहा कि यह संस्थान प्रशिक्षण, शिक्षा और आवास की समग्र व्यवस्था के साथ विशेष रूप से ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बालिकाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करेगा। राज्य सरकार खेल अवस्थापना के विकास के साथ-साथ युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद अजय टम्टा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।









