चम्पावत, 27 फरवरी । जनपद के एक दिवसीय भ्रमण पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत प्राप्त दो वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन बहल पेपर मिल द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं, जो जनपद की स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
टनकपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों वाहनों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। इनमें से एक वाहन चिकित्सा विभाग को सौंपा गया है, जिससे आपातकालीन स्थितियों में त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचाई जा सकेंगी। दूसरा वाहन राजकीय इंटर कॉलेज, मंच को प्रदान किया गया है, जो विद्यालय के शैक्षणिक कार्यों एवं छात्र-छात्राओं की आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने बहल पेपर मिल के इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि विकास कार्यों में कॉरपोरेट जगत की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएसआर मद से प्राप्त ये वाहन स्थानीय स्तर पर सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने में सहायक होंगे।
इस अवसर पर सांसद अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार एवं प्रकाश तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी, उपाध्यक्ष भुवन पांडे, जिला पंचायत सदस्य सरस्वती चंद, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, एएमए जिला पंचायत कमलेश सिंह बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।








