पौड़ी गढ़वाल 26 फरवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत में आयोजित नयार वैली फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नयार घाटी प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक समृद्धि और साहसिक गतिविधियों की अपार संभावनाओं से परिपूर्ण है तथा यह महोत्सव क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।
मुख्यमंत्री ने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। साथ ही विकासखंड पोखड़ा में रसलवाँण दीवा मंदिर, बीरोंखाल में कालिंका मंदिर, एकेश्वर में एकेश्वर महादेव मंदिर और पाबौ में चम्पेश्वर महादेव मंदिर से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का भी ऐलान किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दिव्यांग उपकरण भी प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने साइक्लिस्टों और एंगलरों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज और रिवर्स बंजी जैसी साहसिक गतिविधियों का फ्लैग ऑफ कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर 2025 से “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत प्रशासन की टीमें न्याय पंचायत स्तर तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही हैं।
उन्होंने जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि श्रीनगर में 650 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। खोह नदी को स्वच्छ बनाने के लिए 135 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है। पौड़ी के गड़िया गांव में प्रदेश की पहली एनसीसी अकादमी, कोटद्वार में सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और मालन नदी पर पुल निर्माण जैसे कार्य भी जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पौड़ी के ऐतिहासिक कलेक्ट्रेट भवन को हेरिटेज स्वरूप में संरक्षित किया जा रहा है तथा सतपुली में सिंचाई निरीक्षण भवन का निर्माण हो रहा है। इसके अलावा कोटद्वार में खेल सुविधाओं का विस्तार, 50 बेड के आधुनिक चिकित्सालय का निर्माण, सीडीएस पार्क में विशाल तिरंगा, विज्ञान संग्रहालय, ट्राइडेंट पार्क, सतपुली झील, 20 करोड़ रुपये की लागत से माउंटेन म्यूजियम एवं तारामंडल जैसी परियोजनाएं भविष्य में पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगी।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज
ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश-विदेश में प्रमुख एडवेंचर पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है और नयार वैली फेस्टिवल इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन नयार घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और साहसिक संभावनाओं का सशक्त परिचय है।
विधायक राजकुमार पोरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह महोत्सव जनपद पौड़ी को नई पहचान दिलाएगा। कार्यक्रम में जिला प्रशासन द्वारा एक मंच पर दस अलग-अलग गतिविधियों का सफल संचालन किया गया, जो सुव्यवस्थित आयोजन और समन्वित कार्यप्रणाली का उदाहरण बना।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पं. राजेंद्र अणथ्वाल, जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला, ब्लॉक प्रमुख, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।







