देहरादून। कूर्मांचल सांस्कृतिक एवं कल्याण परिषद द्वारा ओएनजीसी सामुदायिक केंद्र में भव्य होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ संरक्षक आर.एस. परिवार, केंद्रीय अध्यक्ष कमल रजवार, महासचिव गोविंद पांडे, विशिष्ट अतिथि आदित्य चौहान, आचार्य विपिन जोशी, गंभीर सिंह रावत एवं नंदन सिंह बिष्ट द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके उपरांत लोकगायक मनोज सामंत ने कुमाऊं की पारंपरिक चीर बंधन होली “के ले बांधी चीर” प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय और उत्सवी बना दिया। वाटिका नृत्य अकादमी के बच्चों ने “श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी” पर मनमोहक प्रस्तुति दी।
कांडली शाखा की महिलाओं ने “उठ मिला हूं भरत रघुवर आए” बैठक होली गाकर सराहना बटोरी। स्मॉल बेल अकैडमी, वाटिका नृत्य अकादमी एवं स्वामी वीणा महाराज म्यूजिक एंड डांस एकेडमी के कलाकारों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नत्थनपुर शाखा की महिलाओं ने “हिमाली हवा सुरुरु” गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया।
श्रीमती अलका रावत ने अपनी बेटियों के साथ कुमाऊनी गीतों पर आकर्षक नृत्य किया, जबकि सुनीता देवी ने न्यौली गाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। धरमपुर शाखा की महिलाओं ने “चलो होली में मनाए आए, राधा रूठ गई” पर बैठक होली प्रस्तुत की। राहुल ने मुरली वादन से कार्यक्रम में मधुरता घोली।
इंदिरा नगर शाखा की महिलाओं ने “आओ बृजराज खेले होली” की प्रस्तुति दी, जिसमें कृष्ण स्वरूप में सजी हेमा बिष्ट विशेष आकर्षण रहीं। प्रेमनगर शाखा की टीम ने “शिव दर्शन दे दो जटाधारी” खड़ी होली प्रस्तुत की, जिसमें भोलेनाथ के रूप में भूपाल सिंह नेगी को खूब सराहना मिली। लक्ष्मी बिष्ट ने “छोड़नी नि लागेनी” गीत से श्रोताओं का मन मोह लिया।
हाथीबड़कला शाखा ने “राम सीता लखना आई गई वन में” गीत पर चांचरी नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि माजरा शाखा ने “आज बिरज में होली” पर मनमोहक प्रस्तुति दी। लोकगायक मनोज सामंत की छपेली और चांचरी ने समा बांध दिया।
कार्यक्रम के दौरान घुघुति पत्रिका एवं वार्षिक कैलेंडर का विमोचन माननीय कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, प्रधान संपादक भारती पांडे, अध्यक्ष कमल रजवार, महासचिव गोविंद पांडे, राजेंद्र सिंह बिष्ट, ज्योति उप्रेती, नीरजा उप्रेती एवं मनमोहन लोहनी द्वारा किया गया। सभी शाखाओं को पत्रिका और कैलेंडर भेंट किए गए।
कांवली शाखा ने “मेरी नथ गढ़ी दे छैला सुनारा” पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। कोहिनूर आर्ट ज्वैलर्स की ओर से आयोजित लक्की ड्रॉ में दो सोने के सिक्के सहित पांच अन्य पुरस्कार वितरित किए गए। राजेंद्र सिंह बिष्ट (शिवालिक होटल) एवं हमारी पहचान रंगमंच संस्था के अध्यक्ष कैलाश चंद्र पाठक ने कलाकारों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन बबीता साह लोहनी ने किया। अंत में उपस्थित जनों ने आलू के गुटके, ककड़ी का रायता, सूजी का हलवा और चाय का आनंद लिया। कार्यक्रम में उत्तम अधिकारी, विजय बिष्ट, ललित मनराल, हरीश मेहरा, पुष्पा बिष्ट, मंजू देवपा, आर.एस. परिहार, के.सी. जोशी, हरी सिंह बिष्ट, नवीन तिवारी, वीरेंद्र कांडपाल, गंभीर रावत, सुरेंद्र बिष्ट, शिव मनराल, शांति बिष्ट सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कुमाऊं की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरागत होली गीतों और सांस्कृतिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला।






