
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में जनप्रतिनिधियों और संस्कृति स्कूल के बच्चों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 131वें एपिसोड को सुना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम जन-जन को प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है, जो नवाचार, सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले प्रयासों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने इस एपिसोड में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आयोजित वैश्विक शिखर सम्मेलन, अंगदान से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर धोखाधड़ी से सावधान रहने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने प्रदेशवासियों से इन संदेशों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि एआई, स्वास्थ्य जागरूकता और डिजिटल सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक खजानदास, सविता कपूर, सुरेश गड़िया तथा पूर्व विधायक बलवंत सिंह भौंरियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।







