तिब्बती मार्केट हत्याकांड का खुलासा: 12 लाख में हुई थी सुपारी, मां समेत 5 गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दो शूटर पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचे व स्कूटी बरामद
देहरादून 12 फरवरी। दून पुलिस ने तिब्बती मार्केट के पास हुई चर्चित अर्जुन शर्मा हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक प्रॉपर्टी विवाद में मृतक की मां और उसके सहयोगियों ने 12 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई थी। इस मामले में पुलिस ने दो शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया, जबकि साजिश में शामिल मृतक की मां सहित तीन अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया है।
एसएसपी के निर्देश पर गठित टीमों ने लगातार नाकेबंदी और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि स्कूटी सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े अर्जुन शर्मा को गोली मारी थी।
पुलिस चेकिंग के दौरान रायपुर के लाडपुर और डोईवाला के लालतप्पड़ क्षेत्र में दोनों आरोपी पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें पकड़ लिया गया। उनके कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखा और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई।
घायल बदमाशों की पहचान पंकज राणा और उसके भाई राजीव उर्फ राजू के रूप में हुई। दोनों चक्खुवाला क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

जांच में खुलासा हुआ कि अर्जुन शर्मा का अपनी मां बीना शर्मा से जीएमएस रोड स्थित संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। डॉ. अजय खन्ना ने उक्त संपत्ति का सौदा करीब 14 करोड़ रुपये में किया था और बड़ी रकम देने के बावजूद कब्जा नहीं मिल पा रहा था, क्योंकि अर्जुन शर्मा ने कोर्ट से स्टे ले रखा था। इसी बात को लेकर तनाव बढ़ता गया।
पुलिस के अनुसार बीना शर्मा, डॉ. अजय खन्ना और विनोद उनियाल ने मिलकर अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने की साजिश रची और दोनों शूटर भाइयों से 12 लाख रुपये में सौदा तय किया। तीन लाख रुपये एडवांस भी दे दिए गए थे।
विवेचना में सामने आया कि हत्या से पहले मृतक की दिनचर्या की जानकारी जुटाई गई। घटना के दिन तिब्बती मार्केट के पास मौका देखकर गोली मार दी गई। वारदात से पहले और बाद में आरोपियों के बीच मोबाइल और व्हाट्सएप पर संपर्क भी पाया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें